पीईटी परीक्षा के केंद्रों पर डीएम और एसपी ने परखी व्यवस्थाएं
कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा- परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता प्रशासन की प्राथमिकता
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रथम पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी का जायजा लिया।
डीएम और एसपी ने एएसएचएस एंड जीआरएस इंटर कॉलेज, खैर इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज तथा इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी से निगरानी के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था देखी और परीक्षा कक्षों सहित निर्धारित स्थानों पर लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा परीक्षा के दौरान आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं। प्रशासन की ओर से परीक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।















