जनगणना-2027 की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूरा करें काम
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
संतकबीरनगर। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुज मलिक ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को कैंप कार्यालय में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक कर उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए। जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू और सटीक बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने तथा विभागीय समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया।
16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश ने बताया कि जनपद में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण 26 अक्तूबर से चल रहा है। इसे छह नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित स्व-गणना अवधि में सभी विभाग अपने कर्मचारियों और ग्रामीण स्तर पर तैनात कार्मिकों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
चार जनवरी तक पूरा होगा घर-घर गणना का कार्य
जनगणना के अगले चरण में एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर गणना करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि में कार्य गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा कराया जाए। चार जनवरी की रात बेघर परिवारों की गणना भी पूरी करने के निर्देश दिए गए।
गांवों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी जयकेश त्रिपाठी को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की जिम्मेदारी सौंपी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। जिला सूचना अधिकारी और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से जनगणना संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण शुक्ला, अपर उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार, जनगणना के मंडल प्रभारी संजय कुमार, जिला प्रभारी जनगणना सुजीत कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी चंद्रशेखर यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुजीत कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी अरुण कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी जनार्दन यादव, जनगणना सहायक अभय कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















