लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण कर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें: डीआईजी
बस्ती परिक्षेत्र की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को दिए निर्देश
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने गुरुवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कहा कि लंबित और आंशिक रूप से लंबित विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा में पूरा किया जाए। गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों, वांछितों, पुरस्कार घोषित अपराधियों, जिला बदर आरोपियों और गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) से संबंधित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ गंभीर अपराधों, महिला अपराधों तथा एससी-एसटी और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए।
उन्होंने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जिला स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने, साइबर अपराध से जुड़े मोबाइल और आईएमईआई नंबरों को अधिकाधिक ब्लॉक कराने तथा ठगी की रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीएनएस, आईसीजेएस, एनएएफआईएस, सीईआईआर, नैटग्रिड, आईजीआरएस और अन्य संबंधित पोर्टलों की नियमित निगरानी व आवश्यक फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा।
डीआईजी ने जनशिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री जनता दर्शन, रेंज कार्यालय और अन्य उच्चस्तरीय पोर्टलों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। भूमि विवादों को समाधान दिवस पर राजस्व विभाग के सहयोग से हल करने तथा अपहृत और गुमशुदा व्यक्तियों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश भी दिए। मिशन शक्ति के तहत स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्तीकरण, मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर कार्रवाई और विस्फोटक पदार्थों व पटाखों के अवैध भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए। आईटीएसएसओ पोर्टल पर 45 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों और अन्य लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया।
बैठक में विभागीय जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और पेंशन से जुड़े लंबित मामलों को निस्तारित करने, मानव संपदा पोर्टल पर अधिकारियों व कर्मचारियों की सर्विस बुक अद्यतन रखने तथा डायल-112 के रिस्पांस टाइम में सुधार करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना और परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।















