विसर्जन को लेकर नगर निगम अलर्ट, एकलला बंधे पर बनेगा कंट्रोल रूम गड्ढामुक्त सड़क, रोशनी और बैरिकेडिंग के निर्देश, लटकते तार व हिलते गेट की भी होगी मरम्मत

विसर्जन को लेकर नगर निगम अलर्ट, एकलला बंधे पर बनेगा कंट्रोल रूम

गड्ढामुक्त सड़क, रोशनी और बैरिकेडिंग के निर्देश, लटकते तार व हिलते गेट की भी होगी मरम्मत

गोरखपुर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त अजय जैन ने शनिवार को टीम के साथ बक्शीपुर से राजघाट हर्बर्ट बंधे तक प्रमुख विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सबसे अधिक प्रतिमाओं के विसर्जन वाले एकलला बंधे पर कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

निरीक्षण में एकलला बंधा, डोमिनगढ़, महेसरा समेत अन्य विसर्जन स्थल शामिल रहे। नगर आयुक्त ने विसर्जन मार्गों पर गड्ढामुक्त सड़क, पैचवर्क, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। श्रद्धालुओं और प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने पर भी जोर दिया।

कंट्रोल रूम से होगी भीड़ पर नजर

एकलला बंधे पर स्थापित होने वाले कंट्रोल रूम में पब्लिक एड्रेस सिस्टम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके माध्यम से भीड़ प्रबंधन के साथ श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी।

लटकते तार और पेड़ों की टहनियां हटेंगी

निरीक्षण के दौरान सड़क की ओर निकली पेड़ों की टहनियों और लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रतिमाओं को ले जाने के दौरान किसी तरह की बाधा या दुर्घटना न हो। मुक्तेश्वर नाथ मंदिर के पास हिल रहे गेट की शिकायत पर भी नगर आयुक्त ने संज्ञान लिया। उन्होंने गेट की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, पार्षद समद गुफरान, पार्षद चंदन आर्य, विशाल गुप्ता, सौरभ सिंह, जीएम जलकल नवोदित त्रिपाठी, मुख्य अभियंता सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleशिक्षक एमएलसी चुनाव में आचार संहिता के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई प्रचार सामग्री पर प्रिंटर का नाम-पता और प्रतियों की संख्या लिखना अनिवार्य, मतपत्र पर आयोग के पेन से ही दर्ज करें प्राथमिकता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here