ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी 12 अक्टूबर से
डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, रोज सुबह नौ से शाम सात बजे तक होगी जांच
संतकबीरनगर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) 12 अक्टूबर से शुरू होगी। एफएलसी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के ईवीएम वेयरहाउस में रोज सुबह नौ से शाम सात बजे तक होगी। अवकाश के दिनों में भी प्रक्रिया जारी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुज मलिक ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर एफएलसी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एफएलसी की निर्धारित तिथि और समय की जानकारी दी गई। बताया गया कि ईवीएम-वीवीपैट की जांच भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
एफएलसी के दौरान ईवीएम वेयरहाउस परिसर में मोबाइल फोन, कैमरा समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एफएलसी की प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम सत्य प्रकाश समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















