एसआईआर के बाद छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने घर-घर जाएंगे बीएलओ डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर

एसआईआर के बाद छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने घर-घर जाएंगे बीएलओ

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर

गोरखपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र लोगों के नाम अब घर-घर सत्यापन के बाद जोड़े जाएंगे। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) संबंधित क्षेत्रों में जाकर पात्र मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज होने से नहीं छूटना चाहिए। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करें और पात्र पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरवाकर नाम जोड़ने की कार्रवाई करें।

डीएम ने राजनीतिक दलों के बूथ स्तर के प्रतिनिधियों से भी बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो उसकी जानकारी संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। परिवारों में ऐसे युवाओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। साथ ही मतदाताओं से स्वयं और परिवार के सदस्यों का नाम सूची में जांचने की अपील की।

बैठक में एडीएम वित्त जय प्रकाश, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल समेत संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Previous articleप्रमुख विकास परियोजनाओं में देरी पर सीएम सख्त समेक्शा की समीक्षा बैठक में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर, बाधाएं दूर करने के निर्देश
Next articleईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी 12 अक्टूबर से डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, रोज सुबह नौ से शाम सात बजे तक होगी जांच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here