प्रमुख विकास परियोजनाओं में देरी पर सीएम सख्त
समेक्शा की समीक्षा बैठक में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर, बाधाएं दूर करने के निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को समेक्शा की समीक्षा बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। गोरखपुर के मंडलायुक्त सभागार से मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार समेत संबंधित अधिकारी बैठक से जुड़े।
बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, प्रमुख विकास परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य की गति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में अनावश्यक देरी रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्राथमिकता वाली परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो। कार्यों में आने वाली बाधाओं का संबंधित विभाग आपसी समन्वय से तत्काल समाधान करें, ताकि परियोजनाएं तय समय में पूरी हो सकें।
मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।















