जनगणना में आंकड़ों की शुद्धता पर जोर
डीएम दीपक मीणा ने फील्ड ट्रेनर्स को दिए निर्देश, एमएमएमयूटी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
गोरखपुर। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत बुधवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी दीपक मीणा ने प्रशिक्षण का जायजा लेकर फील्ड ट्रेनर्स से संवाद किया। उन्होंने जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी से करने के साथ आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष जोर दिया।
डीएम ने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास और जनकल्याण की योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए प्रशिक्षण के दौरान पूरी प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें और किसी भी बिंदु पर संदेह होने पर प्रशिक्षकों से जानकारी लें। यही फील्ड ट्रेनर्स आगे जनगणना में लगाए जाने वाले कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे, इसलिए उन्हें प्रक्रिया की सही और पूरी जानकारी होना जरूरी है।
प्रशिक्षण में जनसंख्या गणना, आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। गणना के दौरान प्राप्त सूचनाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करने और आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
गोरखपुर में प्रशिक्षण दो सत्रों में होगा। पहला सत्र 7 से 9 अक्टूबर और दूसरा 12 से 14 अक्टूबर तक चलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) जय प्रकाश की देखरेख में संचालित किया जा रहा है।















