लखनऊ को एआई-डीप टेक का केंद्र बनाएंगे : योगी एचसीएल टेक के 10वें स्थापना दिवस पर आईटी सिटी फेज-2 की आधारशिला, 500 करोड़ के निवेश से छह हजार रोजगार की उम्मीद

लखनऊ को एआई-डीप टेक का केंद्र बनाएंगे : योगी

एचसीएल टेक के 10वें स्थापना दिवस पर आईटी सिटी फेज-2 की आधारशिला, 500 करोड़ के निवेश से छह हजार रोजगार की उम्मीद

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ को एआई, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, कंप्यूटिंग और डीप टेक्नोलॉजी का केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा है। मंगलवार को एचसीएल टेक लखनऊ के 10वें स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में लखनऊ को देश की प्रमुख एआई इनोवेशन सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए कम से कम 50 विश्वस्तरीय एआई स्टार्टअप तैयार करने और उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ने वाला इकोसिस्टम विकसित करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने एचसीएल से भी इस पहल में सहयोग का प्रस्ताव रखा।

 

मुख्यमंत्री ने एचसीएल आईटी सिटी लखनऊ के फेज-2 की आधारशिला रखी। करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश वाली परियोजना से लगभग छह हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने इमर्जिंग टेक स्किलिंग सेंटर का भी शुभारंभ किया, जहां छात्रों, शिक्षकों, कामकाजी पेशेवरों और सरकारी अधिकारियों को भारती तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आईटी-आईटीईएस निर्यात एक लाख करोड़ के पार

योगी ने कहा कि एक दशक पहले प्रदेश से आईटी और आईटीईएस का निर्यात 12 से 15 हजार करोड़ रुपये था, जो अब एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। अगले चार वर्षों में इसे 2.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात भी 3,800 करोड़ से बढ़कर 45 हजार करोड़ रुपये हो चुका है और 2030 तक इसे दो लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में देश की 55 प्रतिशत हिस्सेदारी और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट में 60 प्रतिशत योगदान है। नोएडा और लखनऊ को डीप टेक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

यूपी में ही युवाओं को मिल रहा टेक करियर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश के युवाओं को बेहतर तकनीकी करियर के लिए दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद का रुख करना पड़ता था। अब लखनऊ में रहकर युवा वैश्विक स्तर की तकनीक पर काम कर रहे हैं। उन्होंने एचसीएल कर्मचारियों को प्रदेश का ब्रांड एंबेसडर बताया।

एचसीएल टेक की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने उत्तर प्रदेश को कंपनी की कर्मभूमि और घर बताया। उन्होंने कहा कि एचसीएल स्थानीय कॉलेजों के एक हजार छात्रों को एआई का प्रशिक्षण देगा। कार्यक्रम में एचसीएल फाउंडेशन से जुड़े 57 लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने मंच पर सम्मानित किया।

Previous articleअंतर-जनपदीय पुलिस प्रतियोगिता में चमकीं महिला खिलाड़ी एसपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छह खिलाड़ियों को किया सम्मानित, प्रत्येक को एक हजार रुपये और ट्रैक सूट
Next articleतामेश्वरनाथ धाम को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज डीएम ने मंदिर परिसर का किया निरीक्षण, स्थानीय काश्तकारों से कहा- विकास में उनके हितों को दी जाएगी प्राथमिकता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here