पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी को नम आंखों से श्रद्धांजलि
आठवीं पुण्यतिथि पर भिटहा में उमड़ा जनसमूह, जरूरतमंदों में बांटे अंगवस्त्र व नकद धनराशि
संतकबीरनगर। शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वांचल में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की आठवीं पुण्यतिथि शनिवार को उनके पैतृक गांव भिटहा स्थित चतुर्वेदी विला में भावपूर्ण माहौल में मनाई गई। शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान चतुर्वेदी परिवार के सदस्य भी भावुक हो उठे। चंद्रावती देवी, पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शिक्षा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी ने ग्रामीण अंचल में शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी पुण्यतिथि पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें नमन करते हुए उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
जरूरतमंदों की सेवा भी बनी श्रद्धांजलि
पुण्यतिथि पर चतुर्वेदी परिवार की ओर से क्षेत्र के हजारों जरूरतमंद महिला-पुरुषों को अंगवस्त्र और नकद धनराशि वितरित की गई। परिवार की मुखिया चंद्रावती देवी के साथ सविता चतुर्वेदी और शिखा चतुर्वेदी ने महिलाओं को अंगवस्त्र भेंट किए।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। शाम को लोक कलाकारों के भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर शाम तक श्रद्धांजलि और भोज का कार्यक्रम चलता रहा।
पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसमूह इस बात का प्रमाण रहा कि शिक्षा और समाजसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व भले ही हमारे बीच न रहें, लेकिन उनके कार्य हमेशा समाज को दिशा देते रहते हैं।















