फरियादियों की सुनी पुकार, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं समस्याएं, मौके पर पहुंचकर शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। मेंहदावल तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे। आवश्यकता होने पर अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करें और वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से मामलों का समाधान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्व में निस्तारित शिकायतों की भी समीक्षा की और शिकायतकर्ताओं से निस्तारण की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एसडीएम क्षिप्रा पाल, तहसीलदार अल्पिका वर्मा समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।















