तहसील दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनी फरियाद, 14 मामलों का मौके पर निस्तारण
130 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, लंबित मामलों को एक सप्ताह में निस्तारित कर रिपोर्ट देने के निर्देश
गोरखपुर/गोला। तहसील दिवस पर शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने तहसील गोला में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुल 130 लोगों ने शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, रास्ते, कब्जे, पारिवारिक विवाद, पुलिस और विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को औपचारिकता न माना जाए। प्रत्येक प्रकरण का आवश्यकतानुसार स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने निर्देश दिया कि मौके पर निस्तारित न हो सकने वाली शिकायतों का संबंधित अधिकारी गंभीरता से परीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करें और रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। फरियादियों को अपनी समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
दोनों पक्षों को सुनकर करें कार्रवाई
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस से संबंधित शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भूमि विवाद समेत अन्य मामलों में दोनों पक्षों को सुनकर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता में होना चाहिए। निस्तारण में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस अवसर पर एसडीएम गोला मनीष कुमार, सीओ गोला दरवेश कुमार, नायब तहसीलदार, प्रभारी निरीक्षक गोला समेत राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।















