पुलिस खिलाड़ियों ने जीते पांच पदक
74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर प्रतियोगिता में बदायूं के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
बदायूं। गौतमबुद्धनगर स्थित पुलिस लाइन में 10 से 14 सितंबर तक आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर (महिला/पुरुष), वॉलीबाल एवं सेपकटकरा प्रतियोगिता-2026 में बदायूं के पुलिस खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांच पदक अर्जित किए।
प्रतियोगिता में बरेली जोन की टीम ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। बदायूं से शामिल पुलिस खिलाड़ियों में महिला आरक्षी निकिता शर्मा ने रेगु और क्वाड स्पर्धा में एक-एक स्वर्ण पदक जीतकर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। महिला आरक्षी सूजी बालियान ने क्वाड स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं महिला आरक्षी प्रीती ने रेगु स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। कांस्टेबल अर्चित राणा ने वॉलीबाल स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया।
इस तरह बदायूं के पुलिस खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल चार स्वर्ण और एक कांस्य समेत पांच पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बदायूं ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।















