भारी बारिश के अलर्ट पर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने परखी बाढ़ से निपटने की तैयारी
कलवारी-टांडा पुल और तटबंधों का किया निरीक्षण, बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के निर्देश
बस्ती। चक्रवाती मौसम और भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
तटबंधों की लगातार होगी निगरानी
डीएम और एसपी ने कलवारी-टांडा पुल, नदी तटबंधों, किनारे बसे गांवों और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने और किसी भी खतरे की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
नाव और गोताखोर तैयार रखने के निर्देश
सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के साथ नाव, गोताखोर और अन्य आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने को कहा गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
नदी-नालों और घाटों से दूर रहने की अपील
डीएम ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक घर से बाहर न निकलने और नदी, नाले एवं घाटों के किनारे जाने से बचने की अपील की। आपात स्थिति में 112 अथवा जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा।
थाना प्रभारी क्षेत्रों में रहेंगे भ्रमणशील
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम ज्ञान चन्द्र गुप्ता और सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















