शिक्षक निर्वाचन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए डीएम ने नियुक्त किए नोडल व प्रभारी अधिकारी, मतदान से मतगणना तक अलग-अलग जिम्मेदारी
गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। मतदान कार्मिकों की तैनाती से लेकर मतगणना, सुरक्षा, परिवहन, कंट्रोल रूम और वेबकास्टिंग तक अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए नोडल और सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किए गए हैं।
सीडीओ संभालेंगे मतदान कार्मिक और प्रशिक्षण
मतदान कार्मिकों की नियुक्ति, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी को दी गई है। डीडीओ सतीश सिंह, डीआईओएस अजीत कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी सहयोग करेंगे।
नामांकन और मतगणना स्थल पर विशेष इंतजाम
नामांकन व मतगणना स्थल पर टेंट, प्रकाश, ध्वनि और बैरिकेडिंग की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि प्रकाश सिंह संभालेंगे। यातायात और रूट चार्ट की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव को दी गई है।
आचार संहिता और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी एडीएम को
आदर्श चुनाव आचार संहिता, शांति एवं कानून व्यवस्था, शिकायतों के निस्तारण और 24 घंटे कंट्रोल रूम के संचालन की जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन वैभव शर्मा को सौंपी गई है।
सीसीटीवी और वेबकास्टिंग से रहेगी नजर
मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी, सीसीटीवी और वेबकास्टिंग की जिम्मेदारी उपायुक्त वाणिज्य कर आलोक रंजन को दी गई है। मतदान कार्मिकों की चिकित्सा व्यवस्था और मेडिकल किट के लिए सीएमओ डॉ. राजेश झा नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।
मतदेय स्थलों पर होंगी मूलभूत सुविधाएं
मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई और आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था डीडीओ समेत संबंधित तहसीलदार, डीपीआरओ और बीडीओ सुनिश्चित करेंगे। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।















