तीन दिन की बारिश में नाला सफाई व्यवस्था परखी, मंडलायुक्त ने लिया जायजा
सुमेर सागर से इलाहीबाग होते हुए रोहिन नदी तक जाने वाले नाले का किया निरीक्षण, मोहल्लेवासियों से लिया फीडबैक
गोरखपुर। लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के बीच शहर की जलनिकासी व्यवस्था परखने के लिए मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार को प्रमुख नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुमेर सागर से निकलकर इलाहीबाग होते हुए रोहिन नदी तक जाने वाले नाले की सफाई और पानी के बहाव की स्थिति देखी। सावित्री हॉस्पिटल के सामने पुर्दिलपुर में निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों से सफाई व्यवस्था की जानकारी ली।
मोहल्लेवासियों से लिया फीडबैक
मंडलायुक्त ने नाले के आसपास रहने वाले लोगों से सीधे बातचीत कर बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति के बारे में पूछा। लोगों ने बताया कि नाले की नियमित सफाई होने से पानी का बहाव सुचारु है और बारिश के दौरान नाला भरने या जलभराव की समस्या नहीं होती।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर रहेगी नजर
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख नालों पर लगातार निगरानी रखी जाए। कहीं भी पानी के बहाव में बाधा मिलने पर तत्काल सफाई कराकर जलनिकासी सुनिश्चित की जाए।
सिल्ट और कूड़ा तत्काल हटाने के निर्देश
उन्होंने कहा कि नालों की सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट और कूड़े को तत्काल हटाया जाए, ताकि वह दोबारा नाले में न पहुंचे। सफाई कर्मचारियों और जलनिकासी से जुड़ी टीमों को बारिश के दौरान सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
बच्चों से की बातचीत, दी टॉफी
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने आसपास मौजूद बच्चों से बातचीत की और उन्हें टॉफी दी। उनके सहज व्यवहार से मौके पर मौजूद लोगों के बीच सकारात्मक माहौल रहा।
निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. मंगलेंश श्रीवास्तव, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















