एसपी उत्तरी राजेश गुनावत ने संभाला कार्यभार अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग रहेगी प्राथमिकता

एसपी उत्तरी राजेश गुनावत ने संभाला कार्यभार

अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग रहेगी प्राथमिकता

गोरखपुर। वर्ष 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश गुनावत ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पुलिस ऑफिस पहुंचकर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की तथा उत्तरी क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति और पुलिसिंग से संबंधित जानकारी ली। इससे पहले बुधवार को उन्होंने मुख्यमंत्री की वीआईपी ड्यूटी में जिम्मेदारी निभाई थी।

संवेदनशील क्षेत्रों और अपराध की ली जानकारी

कार्यभार संभालने के बाद एसपी उत्तरी ने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों, अपराध की स्थिति और थानों की पुलिस व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने पर जोर दिया।

साइबर अपराध पर रहेगा विशेष फोकस

राजेश गुनावत इससे पहले मुजफ्फरनगर और फिरोजाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। फिरोजाबाद में तैनाती के दौरान उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल, डिजिटल ठगी की जांच और साइबर जागरूकता पर विशेष जोर दिया था।

तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिलेगी मजबूती

एसपी उत्तरी ने कहा कि चोरी, लूट, महिला एवं बाल अपराध समेत अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी के साथ आधुनिक तकनीक और डिजिटल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर पुलिसिंग को प्रभावी बनाया जाएगा।

फरियादियों की समस्याओं का समय से हो समाधान

उन्होंने थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही।

राजस्थान के सवाई माधोपुर के हैं मूल निवासी

राजेश गुनावत मूल रूप से राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बीटेक (पेट्रोलियम इंजीनियरिंग) की पढ़ाई की है। विभिन्न जनपदों में तैनाती के दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और तकनीक आधारित पुलिसिंग का अनुभव रहा है।

Previous articleपहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गिराया, फिर लाठी-डंडों और गैंती से किया हमला; पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
Next articleसांकेतिक भाषा सीखेगी गोरखपुर पुलिस, संवाद होगा आसान पुलिस लाइन में एक दिवसीय कार्यशाला, विशेषज्ञों ने पुलिसकर्मियों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here