पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
आंखों में मिर्च पाउडर डालकर गिराया, फिर लाठी-डंडों और गैंती से किया हमला; पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भकठान गोसाईपुर गांव में पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चार बांस के डंडे, लोहे की गैंती और लाल मिर्च पाउडर बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया था।
चार मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग, एक महराजगंज से गिरफ्तार
एसपी संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को पुलिस लाइन में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अभिमन्यु यादव, अजय यादव, रामस्वरूप यादव, संजय यादव और राकेश यादव शामिल हैं। चार आरोपियों को बयारा रोड स्थित मंझरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ा गया, जबकि राकेश यादव को महराजगंज जिले के भिठौली थाना क्षेत्र स्थित शिकारपुर नहर पुलिया तिराहे से गिरफ्तार किया गया।
बाइक रोककर आंखों में डाला मिर्च पाउडर
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को ब्रह्मानंद यादव बुलेट से गिढ़नी बाजार जा रहे थे। राकेश यादव के घर के सामने पहुंचने पर आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली और आंखों में पिसी लाल मिर्च डाल दी। ब्रह्मानंद के गिरते ही उन पर लाठी-डंडों और गैंती से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश को बताया वारदात की वजह
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि 18 मई को हुई मारपीट की एक घटना को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश को पुलिस ने हत्या की प्रमुख वजह बताया है।
प्रधानी चुनाव को लेकर भी बनाई थी योजना : पुलिस
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी राकेश ने बताया कि पुरानी रंजिश के साथ आगामी प्रधानी चुनाव को लेकर भी विवाद था। आरोप है कि ब्रह्मानंद को रास्ते से हटाने और उनके भाई रमाकान्त यादव को चुनाव में नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मुकदमे में बढ़ाईं गंभीर धाराएं
गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मुकदमे में साजिश समेत अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। कार्रवाई में कोतवाली खलीलाबाद और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही। एसपी ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















