जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
अवैध पिस्टल, कारतूस, बाइक और मोबाइल बरामद, वर्चस्व को लेकर हुआ था विवाद
संतकबीरनगर। अपूर्वा इंटर कॉलेज उमिला के पास दो युवकों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, अपाचे मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद किए गए।
डड़वा नहर के पास दबोचे गए
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने डड़वा नहर के पास से प्रियान्शु उर्फ टायसन दूबे निवासी अरई, थाना मुंडेरवा, बस्ती, हाल मुकाम गोरखल और शिवानन्द यादव उर्फ डब्लू निवासी मोहद्दीनपुर, खलीलाबाद को गिरफ्तार किया।
दो युवकों को रोककर की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को उमिला के पास रमन और हरिओम को रोककर मारपीट की गई थी। इसी दौरान दोनों पर फायरिंग की गई। मौके से .32 बोर के दो खोखे बरामद हुए थे। मामले में नंदकिशोर उर्फ सोनू शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है।
वर्चस्व को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने वर्चस्व को लेकर विवाद के बाद रमन और हरिओम को निशाना बनाने की बात बताई। आरोप है कि शिवानन्द यादव ने दोनों युवकों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें वे बाल-बाल बच गए।
मुकदमे में गंभीर धाराएं बढ़ीं
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही अवैध हथियार से संबंधित प्रावधानों में भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
कार्रवाई में कोतवाली खलीलाबाद और एसओजी की टीम शामिल रही। एसपी ने गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।















