ई-रिक्शा में झोला काटकर चेन चोरी करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
चेन, नकदी, कटर समेत सामान बरामद, मध्य प्रदेश के राजगढ़ की रहने वाली हैं आरोपी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद के गोला बाजार में सोने की दुकान से जेवर खरीदकर ई-रिक्शा से घर लौट रही महिला का झोला काटकर चेन चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पीली धातु की चेन, 500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, कटर, दो पर्स और कपड़े का काला बैग बरामद किया है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं।
जेवर खरीदने वाली महिलाओं पर रखती थीं नजर
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि गिरफ्तार अंजली पत्नी शालू सिसोदिया और नगमा पत्नी विक्की सिसोदिया, निवासी कड़िया सासी, थाना बोड़ा, जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश हैं। पुलिस के अनुसार दोनों गोरखपुर, खलीलाबाद और बस्ती के बाजारों में घूमकर सोने की दुकानों पर नजर रखती थीं।
ई-रिक्शा में सवार होकर काट देती थीं झोला
20 सितंबर को एक महिला गोला बाजार स्थित रजनीश सराफ की दुकान से चेन बनवाकर घर लौट रही थी। रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास वह ई-रिक्शा में बैठी। इसी दौरान दोनों आरोपी महिलाएं भी उसमें सवार हो गईं। मौका पाकर कटर से महिला का प्लास्टिक का झोला काटकर चेन और 500 रुपये चोरी कर लिए और रास्ते में उतरकर फरार हो गईं।
कबीर मठ जाने वाली सड़क पर पकड़ी गईं
पुलिस ने बुधवार को दोनों महिलाओं को कबीर मठ जाने वाली सड़क पर हाईवे स्थित काले गेट के पास से गिरफ्तार किया। कार्रवाई क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने जेवर खरीदकर निकलने वाली महिलाओं का पीछा कर ई-रिक्शा या टेंपो में सवार होकर वारदात करने की बात बताई।
पुलिस टीम को 25 हजार का पुरस्कार
कार्रवाई में कोतवाली खलीलाबाद, एंटी थेफ्ट सेल, सर्विलांस सेल और साइबर थाना की टीम शामिल रही। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।















