साइबर फ्रॉड में गई 73,501 रुपये की रकम पुलिस ने कराई वापस
गुलरिहा साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई कर रकम कराई होल्ड, विधिक प्रक्रिया के बाद पीड़ित को लौटाई
गोरखपुर। साइबर ठगी के मामले में गुलरिहा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से निकाली गई 73,501.10 रुपये की रकम वापस करा दी। पीड़ित के खाते से कुल 80 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई थी।
शिकायत मिलते ही शुरू हुई कार्रवाई
ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 33102260043346 है। इसके बाद साइबर हेल्प डेस्क ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में होल्ड कराया।
समय पर कार्रवाई से बची रकम
पुलिस के प्रयास से कुल 73,501.10 रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह धनराशि नियमानुसार पीड़ित के पक्ष में अवमुक्त कराई गई।
पुलिस ने की तत्काल शिकायत की अपील
रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया जा सके।















