ऑटो में छूटा 34 लाख के आभूषणों से भरा बैग, 12 घंटे में बरामद
कैंट पुलिस ने सीसीटीवी से ऑटो की पहचान कर चालक तक पहुंचाया, सत्यापन के बाद सामान मालिक को सौंपा
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में छूटा करीब 34 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों से भरा बैग पुलिस ने 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बैग में आभूषणों के साथ कपड़े भी रखे थे। पुलिस ने पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद पूरा सामान सुरक्षित उसके मालिक को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार 12 सितंबर को एक व्यक्ति मोहद्दीपुर से ऑटो से कुड़ाघाट जा रहा था। कुड़ाघाट पहुंचने पर वह ऑटो से उतर गया, लेकिन बैग वाहन में ही छूट गया। कुछ दूर जाने के बाद बैग की याद आने पर उसने पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि बैग में करीब 34 लाख रुपये के आभूषण थे।
सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर उस ऑटो की पहचान की गई, जिसमें यात्री सवार था। इसके बाद पुलिस ऑटो चालक तक पहुंची और बैग बरामद कर लिया।
पुलिस ने बैग को आभूषण और कपड़ों समेत सुरक्षित बरामद करने के बाद पीड़ित को मोहद्दीपुर चौकी बुलाया। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सामान उसके सुपुर्द कर दिया गया।
कीमती सामान वापस मिलने पर पीड़ित ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की। सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने कुछ ही घंटों में ऑटो की पहचान कर 34 लाख के आभूषण बरामद कर लिए।















