गणेश चतुर्थी पर सुरक्षा-यातायात व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
डीएम-एसएसपी ने पीस कमेटी से जानी समस्याएं, शहर में 160 और ग्रामीण क्षेत्र में 132 स्थानों पर स्थापित होंगी प्रतिमाएं
गोरखपुर। गणेश चतुर्थी को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में पीस कमेटी एवं अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और प्रतिमा विसर्जन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि गणेश चतुर्थी पर शहरी क्षेत्र में करीब 160 और ग्रामीण क्षेत्र में 132 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। भीड़ और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए थाना स्तर पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
डीएम दीपक मीणा ने थाना वार पीस कमेटी के सदस्यों से संवाद कर उनके क्षेत्र की समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि पर्व से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी पहले से प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। प्रतिमा स्थापना स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग और विद्युत तारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को आयोजन समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट पर निगरानी और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जुलूस एवं शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग और समय का पालन कराने को भी कहा।
नगर आयुक्त अजय जैन को सफाई और प्रकाश व्यवस्था तथा एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव को रूट डायवर्जन, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। विसर्जन स्थलों पर भी आवश्यक सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एएसपी अरुण कुमार एस, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।















