पुलिस लाइन में गूंजे कान्हा के भजन, रासलीला ने बांधा समां
डीएम और एसएसपी ने पुलिस परिवार के साथ की पूजा-अर्चना, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उल्लास से सराबोर रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर पुलिस परिवार ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की। जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के साथ विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस परिवार के बच्चों ने श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़े गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन जीत लिया। कलाकारों ने भजनों पर नृत्य प्रस्तुत करने के साथ ही रासलीला का भावपूर्ण मंचन किया। कान्हा की लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों से माहौल कृष्णमय नजर आया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी संगला, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सहसवान शौर्य अरोड़ा, क्षेत्राधिकारी नगर (सहायक पुलिस अधीक्षक) सुमेध मिलिंद जादव, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी समारोह ने पुलिस परिवारों को एक साथ आकर पर्व मनाने का अवसर दिया। श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सजा कार्यक्रम देर तक आकर्षण का केंद्र बना रहा।















