निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा में पूरा करें काम
एसडीएम ने की समीक्षा, आय-जाति-निवास प्रमाणपत्रों की रिपोर्ट जांच के बाद ही भेजने के निर्देश
गोरखपुर। तहसील सदर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों और राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों और राजस्व कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ ही सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित हो। गुणवत्ता में कमी अथवा मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद ही अग्रसारित हो रिपोर्ट
बैठक में आय, जाति एवं निवास प्रमाणपत्रों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने लेखपालों की रिपोर्ट को लेकर स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना जांच-पड़ताल के किसी रिपोर्ट को अग्रसारित न किया जाए। रिपोर्ट भेजने से पहले अभिलेखों, मौके की स्थिति और उपलब्ध तथ्यों का सत्यापन किया जाए, ताकि गलत अथवा तथ्यहीन रिपोर्ट के आधार पर किसी पात्र आवेदक को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में राजस्व कर्मियों की रिपोर्ट महत्वपूर्ण होती है। इसलिए रिपोर्ट तैयार करते समय पूरी गंभीरता और पारदर्शिता बरती जाए। किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो
एसडीएम ने कानूनगो और लेखपालों को राजस्व से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील आने वाले लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े। राजस्व सेवाओं में तेजी और पारदर्शिता के साथ काम किया जाए।
बैठक में तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता, नायब तहसीलदार नीलम तिवारी समेत तहसील सदर के कानूनगो और अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।















