हर पीड़ित की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता : योगी जी  जनता दर्शन में सीएम ने करीब 200 लोगों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

हर पीड़ित की समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता : योगी जी 

जनता दर्शन में सीएम ने करीब 200 लोगों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समस्या का समाधान कराना सरकार की प्रतिबद्धता है।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और कुर्सियों पर बैठे फरियादियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं जानीं। लोगों ने मुख्यमंत्री को अपने प्रार्थना पत्र सौंपे। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामले संदर्भित करते हुए समयबद्ध एवं संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

धन के अभाव में नहीं रुकेगा किसी का इलाज

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय उपचार के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि उपचार के लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था की जा सके।

राजस्व एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर उन्होंने भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा।

पारिवारिक विवाद में पहले संवाद पर जोर

जनता दर्शन में कुछ लोग पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायतें लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि आपसी बातचीत और समझौते के जरिए पारिवारिक विवादों का समाधान कराने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और संबंधित अधिकारी स्वयं मामलों की निगरानी करें।

गोशाला में पहुंचकर की गोसेवा

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में गोसेवा की। गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाने के बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को स्नेहपूर्वक पूड़ी और गुड़ खिलाया तथा कुछ समय गोशाला में बिताया।

Previous articleनिर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं, समयसीमा में पूरा करें काम एसडीएम ने की समीक्षा, आय-जाति-निवास प्रमाणपत्रों की रिपोर्ट जांच के बाद ही भेजने के निर्देश
Next articleबशारतपुर कल्याण मंडपम का सीएम योगी ने किया लोकार्पण 130.73 करोड़ की 170 विकास परियोजनाओं की गोरखपुर को दी सौगात, लोकार्पण के साथ कई परियोजनाओं का शिलान्यास

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here