चीनी की किल्लत की अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में पर्याप्त स्टॉक : डीएम जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई, थोक व्यापारियों को ऑनलाइन स्टॉक घोषित करने के निर्देश

चीनी की किल्लत की अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में पर्याप्त स्टॉक : डीएम

जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई, थोक व्यापारियों को ऑनलाइन स्टॉक घोषित करने के निर्देश

गोरखपुर। जिले में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद सोशल मीडिया पर कमी और किल्लत की अफवाहों को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया कि जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और वे अपनी आवश्यकता के अनुसार खुले बाजार से चीनी खरीद सकते हैं।

डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं के आधार पर अनावश्यक खरीदारी अथवा चीनी का भंडारण न करें। अफवाहों के चलते बाजार में कृत्रिम मांग पैदा होने की स्थिति से बचना जरूरी है। प्रशासन बाजार में चीनी की उपलब्धता और आपूर्ति पर लगातार नजर रख रहा है।

जिला प्रशासन ने सभी थोक चीनी व्यापारियों को निर्देश दिया है कि वे भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के फूड स्टॉक पोर्टल पर अपने पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक का विवरण तत्काल घोषित करें। व्यापारियों को स्टॉक की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि बाजार में वास्तविक उपलब्धता की निगरानी की जा सके।

प्रशासन की ओर से थोक व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक स्टॉक जांच भी कराई जाएगी। जांच में चीनी की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा निर्धारित नियमों के विपरीत स्टॉक रखने की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि स्टॉक से संबंधित जानकारी में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। वहीं आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी वायरल संदेश अथवा सोशल मीडिया पोस्ट पर बिना पुष्टि भरोसा न करें और आधिकारिक माध्यम से जानकारी प्राप्त करने के बाद ही कोई निर्णय लें।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जिले में आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखना और उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर वस्तुएं उपलब्ध कराना है। चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए लोगों को अफवाहों के आधार पर अतिरिक्त खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleडीएम ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, बिजली, सड़क और पेंशन से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं
Next articleघोड़ा चोरी का आरोपी गिरफ्तार, चोरी का घोड़ा बरामद बेलीपार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here