पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा की सौगात, सीएम योगी ने योजना का किया शुभारंभ
23 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर स्थित बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह सभागार से प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों से जुड़ी योजनाओं और विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जवानों के कल्याण और सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को उपचार के दौरान कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे जवानों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित ग्राम परवर पश्चिम में 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। बैरक के निर्माण से पीआरडी जवानों के लिए आवासीय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवान प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और विभिन्न आयोजनों के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हैं। उनके कल्याण और सुविधाओं को बेहतर करना सरकार की प्राथमिकता है। नई योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से पीआरडी जवानों को बेहतर कार्य वातावरण और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।















