22 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
एनएचएम कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान वेतन, सेवा सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की उठाई मांग
संतकबीरनगर। कर्मचारियों एवं श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। इसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए समान वेतन नीति, नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने सहित कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि एनएचएम के संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारी वर्षों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, रोग नियंत्रण और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में उनका अहम योगदान है। इसके बावजूद कर्मचारी वेतन विसंगति, सेवा सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
ज्ञापन में समान पद और समान कार्य के लिए समान वेतन, न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये प्रतिमाह, नियमित वार्षिक वेतन वृद्धि और लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त वेतन वृद्धि देने की मांग की गई। साथ ही एनएचएम कर्मचारियों के चरणबद्ध नियमितीकरण के लिए अनुभव आधारित मॉडल लागू करने तथा ईपीएफ, ग्रेच्युटी, स्वास्थ्य बीमा सहित वैधानिक सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
इसके अलावा आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा व चरणबद्ध समायोजन, 108/102 एंबुलेंस से बर्खास्त कर्मियों की बहाली, पारदर्शी स्थानांतरण नीति, रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती, पुरानी पेंशन की बहाली और EPS-95 पेंशन में वृद्धि सहित कुल 22 मांगें ज्ञापन में शामिल हैं।
भारतीय मजदूर संघ के कार्यकारी जिला अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने कहा कि संगठन कर्मचारियों और श्रमिकों के अधिकारों तथा सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे एनएचएम कर्मचारियों के अनुभव और सेवाकाल को देखते हुए सरकार को नियमितीकरण एवं सेवा सुरक्षा पर ठोस निर्णय लेना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मंत्री शक्ति विकास उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष हरिओम सिंह, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, एनएचएम महामंत्री आनंद मौर्य, डॉ. दीपक श्रीवास्तव, डॉ. अमित उपाध्याय, डॉ. अबू बकर, संगीता कुमारी, भास्कर पांडेय, राधेश्याम पांडेय, इम्तियाज, दयानाथ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।















