नागपंचमी पर गोरखनाथ मंदिर में गूंजी कुश्ती की हुंकार, सीएम योगी ने विजेताओं को किया सम्मानित साढ़े तीन सौ पहलवानों ने दिखाया दमखम, गांव-गांव खेल सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

नागपंचमी पर गोरखनाथ मंदिर में गूंजी कुश्ती की हुंकार, सीएम योगी ने विजेताओं को किया सम्मानित

साढ़े तीन सौ पहलवानों ने दिखाया दमखम, गांव-गांव खेल सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

गोरखपुर। नागपंचमी के पावन पर्व पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का सोमवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 350 पहलवानों ने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहे पहलवानों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

वीर अभिमन्यु वर्ग के फाइनल में सूरज ने जनार्दन यादव को हराकर खिताब अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश कुमार वर्ग में सौरभ ने अमित को मात दी, जबकि उत्तर प्रदेश केसरी वर्ग में आकाश कुमार ने प्रशांत कुमार को हराकर जीत दर्ज की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार प्रतियोगिता में करीब साढ़े तीन सौ पहलवानों की भागीदारी खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक शक्ति का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मसंयम, संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम है। पहलवान अखाड़े में उतरने से पहले गुरु और कोच का सम्मान करता है, यही संस्कार उसे जीवन में भी अनुशासित बनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव में खेल मैदान और हर ब्लॉक में स्पोर्ट्स मैदान उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से ही अभ्यास और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निजी प्रशिक्षण केंद्रों को भी आवश्यक सहयोग देने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें तीन ने पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले करीब 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।

सीएम योगी ने युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाना जरूरी है। उन्होंने स्मार्टफोन के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और तकनीक को सकारात्मक कार्यों से जोड़ने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही नई युवा नीति लेकर आएगी, जिसमें शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों के अवसरों को विस्तार दिया जाएगा।

समापन समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, सांसद विजय कुमार दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता, खेल सचिव यूपी सुहास एलवाई, कुश्ती सचिव चंद्र विजय सहित जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

नागपंचमी पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि प्रदेश की मिट्टी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की है।

Previous articleस्वतंत्रता दिवस पर बस्ती का गौरव बढ़ा, एएसपी श्यामकांत को मिला डीजीपी प्रशंसा चिन्ह-रजत उत्कृष्ट पुलिस सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिस महानिदेशक ने किया सम्मानित
Next article22 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन एनएचएम कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान वेतन, सेवा सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा की उठाई मांग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here