संपूर्ण समाधान दिवस में 63 शिकायतें, सात का मौके पर निस्तारण
डीएम कृतिका ज्योत्स्न ने अधिकारियों को 15 दिन में लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश
बस्ती। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सोमवार को तहसील रुधौली में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्न की अध्यक्षता में हुआ। डीएम ने राजस्व, पुलिस, विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को एक-एक कर सुना और अधिकारियों को गंभीरता के साथ समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सात मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 30, पूर्ति के 12, नगर पंचायत के पांच, विकास के चार, पुलिस के तीन, नहर के तीन, विद्युत के तीन, बाल विकास के दो तथा स्वास्थ्य विभाग का एक मामला शामिल रहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित शिकायतों को 15 दिन के भीतर निस्तारित कर उसकी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस से संबंधित शिकायतें सुनीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि थानों से जुड़े मामलों में पीड़ितों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने विवेचनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उप जिलाधिकारी अहमद फरीद खान ने बताया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उनके निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान सीएमओ डॉ. राजीव निगम, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीपीआरओ घनश्याम सागर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एके गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, बीएसए अनूप तिवारी, डीएसओ विमल शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, प्रभारी तहसीलदार नीरज सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।















