सूर्या के नौनिहालों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता की जय के नारे डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी के नेतृत्व में निकली यात्रा, अमर शहीदों के बलिदान को किया नमन

सूर्या के नौनिहालों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता की जय के नारे

डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी के नेतृत्व में निकली यात्रा, अमर शहीदों के बलिदान को किया नमन

संतकबीरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में सराबोर सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना का संदेश दिया।

सूर्या परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। यात्रा का नेतृत्व सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने किया। रास्ते में लोगों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि देश की आजादी के लिए अमर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना ही अमर बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

सूर्या ग्रुप की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव और उपप्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने भी तिरंगा यात्रा में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सविता चतुर्वेदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और उनके संघर्षों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के बीच तिरंगे का वितरण भी किया गया।

इस दौरान नितेश द्विवेदी, आशुतोष पांडेय समेत विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा ने विद्यार्थियों में देशभक्ति का उत्साह भरने के साथ शहरवासियों को भी स्वतंत्रता दिवस की भावना से जोड़ने का संदेश दिया।

Previous articleनदी में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पुलिस ने बचाई जान पत्नी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस-पीएसी के संयुक्त रेस्क्यू में सकुशल बाहर निकाला
Next articleआईटीआई कैंपस में एनसीसी का आयोजन, उत्कृष्ट कैडेट्स सम्मानित डीएम और एसपी ने खेलकूद व विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को दिए प्रशस्ति पत्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here