आईटीआई कैंपस में एनसीसी का आयोजन, उत्कृष्ट कैडेट्स सम्मानित
डीएम और एसपी ने खेलकूद व विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को दिए प्रशस्ति पत्र
रायबरेली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘‘वंदे मातरम के 150 साल’’ और ‘‘विकसित भारत-2047 के लिए युवा शक्ति’’ की राष्ट्रीय थीम के तहत बटालियन हेडक्वार्टर आईटीआई कैंपस में 66 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खेलकूद एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर लखनऊ के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
इस दौरान कैडेट्स के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और खेल सहित विभिन्न गतिविधियों में उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सम्मानित कैडेट्स को भविष्य में भी मेहनत और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं। एनसीसी के माध्यम से युवाओं में जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध मजबूत होता है। उन्होंने सभी कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में आईटीआई रायबरेली के जनरल मैनेजर हरथीश, 66 यूपी बटालियन रायबरेली के कमान अधिकारी कर्नल उदय भानु, जिला युवा अधिकारी वर्तिका सिंह सहित संबंधित अधिकारी, एनसीसी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे।















