50 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा
पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने किया नेतृत्व, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
संतकबीरनगर। भारत के वीर सपूतों और अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से बुधवार को बखिरा नगर पंचायत क्षेत्र में पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में 50 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर वीर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करने का माध्यम है। स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों के त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को देश के वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराया जा रहा है।
तिरंगा यात्रा बखिरा नगर पंचायत क्षेत्र से निकलकर तिवाड़ी, परतिया, बरईपार, हरदी, जसोवल, संतोषपुर, अमरडोभा समेत दर्जनों गांवों और प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। जगह-जगह लोगों ने यात्रा में शामिल लोगों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
यात्रा में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह बबलू, भाजपा जिला महामंत्री विनोद पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनय सिंह, सतीश मिश्रा, अर्जुन चौधरी, अरुण सिंह, राजेश त्रिपाठी, बालरूप कनौजिया, राजेश गुप्ता, राघवेंद्र द्विवेदी, गौरी शंकर वर्मा, विश्वकसेन, मणि त्रिपाठी, पंचराम गौतम, विनोद पाठक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।















