लंबित विवेचनाओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी संदीप कुमार मीना आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, महिला अपराध व पॉक्सो मामलों की विशेष समीक्षा

लंबित विवेचनाओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी संदीप कुमार मीना

आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, महिला अपराध व पॉक्सो मामलों की विशेष समीक्षा

संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार को कोतवाली खलीलाबाद एवं थाना धनघटा के अधिकारियों और विवेचकों के साथ लंबित विवेचनाओं तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि विवेचनाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान एसपी ने महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर मामलों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों के प्रभावी संकलन, फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित पक्ष को विवेचना की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं के प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यात्मक एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को न्याय मिल सके।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विवेचनाओं में अनावश्यक विलंब या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित विवेचक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा के दौरान उपनिरीक्षक नन्दू गौतम के कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए।

एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि संतकबीरनगर पुलिस पारदर्शी पुलिसिंग, त्वरित न्याय और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

Previous articleकमिश्नरी में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह का औचक निरीक्षण कोर्ट शाखा, रिकॉर्ड रूम और सांख्यिकी विभाग की परखी व्यवस्था, पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
Next articleउर्वरक दुकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 33 प्रतिष्ठानों की जांच, चार के लाइसेंस निलंबित खरीफ सीजन में कालाबाजारी रोकने को छापेमारी, आठ नमूने जांच के लिए भेजे गए

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here