कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल अलर्ट
गोंडा-अयोध्या सीमा पर सुरक्षा और रूट डायवर्जन व्यवस्था का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोंडा। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने गुरुवार को थाना नवाबगंज क्षेत्र स्थित गोंडा-अयोध्या सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और रूट डायवर्जन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों तथा प्रमुख चौराहों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि रूट डायवर्जन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
एसपी ने थाना नवाबगंज प्रभारी अभय सिंह सहित ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से उपस्थित रहें और लगातार भ्रमणशील रहकर यात्रा मार्ग की निगरानी करें। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा हर सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं का आवागमन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराया जाए तथा आमजन को समय रहते इसकी जानकारी दी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों के साथ सहयोगपूर्ण और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था कायम रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि जनपद पुलिस कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं और जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी अभय सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















