उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
हेलीपैड, वीवीआईपी रूट और होटल बालाजी प्रकाश का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
बस्ती। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के प्रस्तावित बस्ती भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने हेलीपैड, वीवीआईपी रूट तथा कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञानचंद गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने सबसे पहले हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उपमुख्यमंत्री के आगमन के लिए निर्धारित वीवीआईपी रूट का निरीक्षण करते हुए यातायात, सुरक्षा और बैरिकेडिंग की तैयारियों को परखा। संयुक्त टीम ने होटल बालाजी प्रकाश पहुंचकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया।
कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान रूट डायवर्जन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, फायर सेफ्टी, एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि उपमुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में कोई कमी न छोड़ें।















