सावन के प्रथम सोमवार पर तामेश्वर धाम पहुंचे डीएम-एसपी, पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सावन के प्रथम सोमवार पर तामेश्वर धाम पहुंचे डीएम-एसपी, पूजा-अर्चना के बाद सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

संतकबीरनगर। सावन मास के प्रथम सोमवार पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनपद के प्रसिद्ध एवं प्राचीन तामेश्वर धाम मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पूजन-अर्चन के बाद डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल प्वाइंट तथा ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि सावन मास एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए जनपद पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है। प्रमुख शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी तथा प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण दर्शन-पूजन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं, जिससे श्रद्धालु निर्भय और सुव्यवस्थित वातावरण में अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार पूजा-अर्चना कर सकें।

Previous articleसिसवा छठ घाट हादसा: तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, डीएम और एसपी ने संभाला मोर्चा डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा
Next articleगोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का भव्य समापन बस्ती ने जीती एलार्म एफिशिएंसी रेस ट्रॉफी, बलरामपुर का शूटिंग स्पर्धाओं में दबदबा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here