सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे 89 मामले, 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण एडीएम (मुख्य राजस्व अधिकारी) हिमांशु वर्मा ने सुनी जनसमस्याएं, राजस्व मामलों के लिए टीम गठित

सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे 89 मामले, 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

एडीएम (मुख्य राजस्व अधिकारी) हिमांशु वर्मा ने सुनी जनसमस्याएं, राजस्व मामलों के लिए टीम गठित

सहजनवा, गोरखपुर। सहजनवा तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (मुख्य राजस्व अधिकारी) हिमांशु वर्मा ने की। समाधान दिवस में कुल 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित फरियादियों को राहत प्रदान की गई। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देशों के साथ भेजा गया।

समाधान दिवस में सबसे अधिक 63 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 10, विकास विभाग की 4, पूर्ति विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 10 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों का बिंदुवार परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एडीएम (मुख्य राजस्व अधिकारी) हिमांशु वर्मा ने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए राजस्व अधिकारियों की टीम गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि भूमि विवाद, पैमाइश, सीमांकन एवं कब्जे से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर भी अधिकारियों ने गंभीरता दिखाई। संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

अधिकारियों ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नमन मेहता, तहसीलदार राकेश कन्नौजिया, क्षेत्राधिकारी गीडा आभा सिंह, नायब तहसीलदार नीरू सिंह, नायब तहसीलदार बृजेश यादव, खंड विकास अधिकारी सत्यकाम तोमर, अधिशासी अधिकारी सूर्यकांत, अमित नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleजोन में लागू हुआ ऑटोमैटिक ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम  डीजी/एडीजी मुथा अशोक जैन बोले– सॉफ्टवेयर से होगी ड्यूटी, बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here