लिफ्ट के बहाने सराफा कारोबारी की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
उधार के रुपये मांगने पर रची साजिश, चाकू से गला रेतकर शव राप्ती नदी में फेंका
गोरखपुर। बेलीपार थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय सराफा कारोबारी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, घटना में इस्तेमाल बाइक, चोरी किए गए सोने के आभूषण और नकदी बरामद की है। हत्या की वजह बाइक खरीदने के लिए लिए गए उधार के रुपये वापस मांगना बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण में बेलीपार पुलिस, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने इस मामले का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशू दुबे (निवासी बुधनापार, सिकरीगंज) और प्रिंस पांडेय (निवासी मलांव, बेलीपार) के रूप में हुई है। एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक रामलाल वर्मा (70), निवासी धस्का भटास, बांसगांव, कटरा मलांव में सराफा की दुकान चलाते थे। मुख्य आरोपी प्रिंस का उनसे पुराना परिचय था और वह अक्सर उन्हें बाइक से लाने-ले जाने का काम करता था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कारोबारी से बाइक खरीदने के लिए करीब एक लाख रुपये उधार लिए थे। जब रामलाल वर्मा लगातार रुपये वापस मांगने लगे तो आरोपियों ने उनकी हत्या की साजिश रच डाली।
घटना वाले दिन प्रिंस ने उन्हें दुकान छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाया। रास्ते में अंशू भी साथ हो गया और भगवान राम के दर्शन कराने के नाम पर सुनसान स्थान पर ले गया। वहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर आरोपियों ने कारोबारी के हाथ पकड़ लिए और प्रिंस ने चाकू से गर्दन पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर राप्ती नदी में फेंक दिया।
शाम को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने नदी से शव बरामद किया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, अंगूठी, लॉकेट, 6,595 रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त चाकू और बाइक बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है और शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।















