अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 235 किलो महुआ लहन नष्ट
4 लीटर कच्ची शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 खलीलाबाद विजय आनंद, आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-2 (बस्ती प्रभार) तथा टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राउतपार और आसपास के इलाकों में सघन दबिश दी।
छापेमारी के दौरान टीम ने अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 235 किलोग्राम महुआ लहन मौके पर ही नष्ट कराया। इसके अलावा 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
इस संबंध में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















