कालानमक चावल को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी, उत्पादन बढ़ाने पर जोर
डीएम की अध्यक्षता में ‘एक जनपद एक उत्पाद’ सीएफसी समिति की बैठक, किसानों को बाजार से अधिक कीमत दिलाने की योजना
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कालानमक चावल ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) की जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कालानमक धान के उत्पादन क्षेत्र के विस्तार, किसानों को अनुबंधित खेती से जोड़ने तथा उत्पाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक गोष्ठियां आयोजित की जाएं तथा एसपीवी और किसान सदस्यों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठा सकें।
सीएफसी के निदेशक ने बताया कि आगामी सत्र में 1500 मीट्रिक टन कालानमक धान की खरीद एवं प्रसंस्करण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सिंगापुर की कंपनी बुद्धा राइस, KISAANSAY, PRDF तथा अन्य एफपीओ के साथ एमओयू किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लूलू मॉल, ब्लिंकिट, बिग बाजार जैसी बड़ी कंपनियों से भी संपर्क कर कालानमक चावल की बिक्री का दायरा देश और विदेश तक बढ़ाया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिन किसानों के पास चार टन या उससे अधिक कालानमक धान उपलब्ध होगा, उनका धान प्रसंस्करण और परिवहन निःशुल्क किया जाएगा। साथ ही सीएफसी किसानों से गुणवत्ता एवं नमी के आधार पर वर्तमान बाजार मूल्य से 5 से 10 प्रतिशत अधिक कीमत पर धान खरीदने की गारंटी देगा।
सीएफसी समिति ने कालानमक धान उत्पादकों, उद्यमियों एवं व्यापारियों से इस योजना से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की। इच्छुक किसान एवं उद्यमी सीएफसी निदेशक अभिषेक सिंह (मो. 6394579962) तथा ओडीओपी मंडल कंसल्टेंट 8427824466 पर कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, उपायुक्त उद्योग शिवशंकर कुमार, अनुराग सिंह, ओडीओपी मंडल कंसल्टेंट तोषन्द्र कुमार मिश्रा, उद्यमी मित्र (इन्वेस्ट यूपी), दीनानाथ, अजय रावत, सुजाता, शिवांस तथा एसपीवी के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















