सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन के लिए डीएम ने कसी अधिकारियों पर लगाम
विभागवार समीक्षा, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण और गुणवत्ता पर दिया जोर
रायबरेली।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड केवल आंकड़ों का मंच नहीं, बल्कि विभागों की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और वास्तविक प्रगति का आईना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें तथा पोर्टल पर अद्यतन एवं शुद्ध आंकड़े समय से अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, वे विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधारात्मक कदम उठाएं। सभी अधिकारी नियमित रूप से अपने विभागीय सूचकांकों की समीक्षा करें और कमियों को समय रहते दूर करें।
जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। फील्ड स्तर पर कार्यों का सत्यापन किया जाए तथा जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उप निदेशक कृषि हिमांशु पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















