तेनुआ टोल प्लाजा लिंक रोड पर बैरियर लगाने को लेकर ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, तीन घंटे तक हंगामा
ग्रामीण नेता हिरासत में, पुलिस-प्रशासन से तीखी नोकझोंक; सहजनवा विधायक के आश्वासन पर शांत हुआ मामला
गोरखपुर.
गीडा थाना क्षेत्र स्थित तेनुआ टोल प्लाजा के लिंक रोड पर बैरियर लगाए जाने के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से बैरियर लगाए जाने की कार्रवाई के विरोध में करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन और हंगामा चलता रहा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई तथा ग्रामीण नेता जनार्दन यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे एनएचएआई की टीम लिंक रोड पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के उद्देश्य से बैरियर लगाने पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही तेनुआ ग्रामसभा के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि जनार्दन यादव के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बैरियर लगाने का कार्य रुकवा दिया।
स्थिति बिगड़ने पर गीडा पुलिस मौके पर पहुंची और जनार्दन यादव को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए चेतावनी दी कि यदि उन्हें रिहा नहीं किया गया तो थाने का घेराव किया जाएगा। बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
50 से अधिक गांवों के आवागमन पर असर का दावा
ग्रामीणों का कहना है कि तेनुआ टोल प्लाजा से खजनी की ओर जाने वाली इस सर्विस एवं लिंक रोड का उपयोग करीब 50 से अधिक गांवों के लोग प्रतिदिन करते हैं। बैरियर लगने से खेती-किसानी, भूसा ढुलाई, फसल कटाई की कंबाइन मशीनों, स्कूल बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉली और शादी-विवाह से जुड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित होगा। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।
एनएचएआई ने जिलाधिकारी के आदेश का दिया हवाला
एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि बैरियर लगाने की कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार की जा रही थी। विरोध को देखते हुए फिलहाल कार्य रोक दिया गया है और पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। आगे की कार्रवाई शासन और प्रशासन के निर्देशानुसार की जाएगी।
विधायक के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान मौके से गुजर रहे सहजनवा विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नौसढ़-खजनी मार्ग स्थित खानीपुर अंडरपास की जर्जर सड़क को लोक निर्माण विभाग द्वारा तीन दिनों के भीतर दुरुस्त कराया जाएगा। इसके बाद ही बैरियर लगाने के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन में हरेन्द्र यादव, अर्जुन यादव, सोनू मौर्य, मनेही कन्नौजिया, राकेश राय, धनंजय सिंह, शिव प्रताप पाल, बबलू यादव, देवेंद्र यादव, नागेंद्र यादव, धीरज यादव, कर्मवीर पाल, भोलू पाल, कमलेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।















