सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 91 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 91 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बस्ती। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी लोगों की शिकायतें सुनीं तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि थानों से संबंधित मामलों का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 91 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से 30, पूर्ति विभाग से 20, पुलिस विभाग से 15, विकास विभाग से 7, चकबंदी विभाग से 5 तथा अन्य विभागों से 14 प्रकरण शामिल रहे।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक आनंद कुमार गुप्ता, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, डीपीआरओ धनश्याम सागर, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येंद्र भूषण, तहसीलदार विनय प्रभाकर सरोज सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कर निर्धारित समय में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Previous articleबाढ़ पूर्व तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट
Next articleशाही ग्लोबल हॉस्पिटल ने सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here