नमस्ते दिवस पर सम्मानित हुए सफाई मित्र, नगर निगम गोरखपुर को मिला देश में तीसरा स्थान

नमस्ते दिवस पर सम्मानित हुए सफाई मित्र, नगर निगम गोरखपुर को मिला देश में तीसरा स्थान

गोरखपुर। “नमस्ते दिवस” के अवसर पर नगर निगम गोरखपुर ने सदन हाल में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर सीवर एवं नाला सफाई कार्य में लगे सफाई मित्रों का सम्मान किया। इस दौरान फ्रंटलाइन सफाई कर्मियों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण वितरित किए गए तथा उनके योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि “सफाई मित्र सुरक्षित शहर” राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत नगर निगम गोरखपुर को देश में तीसरा स्थान प्राप्त होना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना को दिया। महापौर ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक लगभग 1600 सफाई कर्मियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा शेष कर्मियों को भी जल्द योजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि “सफाई मित्र कर्म निधि” के माध्यम से आपात स्थिति में आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और स्वस्थ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन उनकी सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उनके कल्याण के लिए लगातार नई योजनाएं लागू की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराते हुए उन्हें कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीवर और नाला सफाई जैसे जोखिमपूर्ण कार्यों में सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य है।

अंत में महापौर और नगर आयुक्त ने सभी सफाई मित्रों से शहर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के अभियान को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, गौरव रंजन श्रीवास्तव, जोनल सेनेट्री अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अविनाश सिंह, रवि सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleहाईवे पर बंद कटों से बढ़ी उद्योगों की परेशानी, डीएम की टीम ने किया निरीक्षण; एनएचएआई को भेजा जाएगा गोलचक्कर का प्रस्ताव
Next articleसम्भव दिवस में नगर आयुक्त अजय जैन ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here