60 लाख के 161 गुमशुदा मोबाइल बरामद, संतकबीरनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

60 लाख के 161 गुमशुदा मोबाइल बरामद, संतकबीरनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

संतकबीरनगर। जनपद पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 161 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बरामदगी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सर्विलांस एवं यातायात अमित कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस सेल एवं जनपद के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल, सीसीटीएनएस प्रणाली, आईएमईआई नंबर तथा सिम संबंधी तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।

पुलिस टीम ने केवल संतकबीरनगर ही नहीं, बल्कि दिल्ली, लखनऊ, मुंबई, बेंगलुरु, तमिलनाडु, गुजरात, राजस्थान, बिहार, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों में सक्रिय रहकर संबंधित पुलिस इकाइयों के सहयोग से मोबाइल फोन बरामद किए। सत्यापन के बाद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे जा रहे हैं।

लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने संतकबीरनगर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल सकेगा।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें तथा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक एवं ट्रेस कराएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के माध्यम से गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी लगातार जारी रहेगी तथा आमजन की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

Previous articleएम्स गोरखपुर में गैस्ट्रो वार्ड शुरू, पूर्वांचल के मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ उपचार की सुविधा
Next articleचुमुर मॉडल पर विकसित होंगे सीमावर्ती गांव, डीएम ने गुणवत्तापूर्ण डीपीआर बनाने के दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here