वृक्षारोपण महायज्ञ को जनआंदोलन बनाने पर जोर, डीएम ने दिए निर्देश
रायबरेली। आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पौधरोपण स्थलों, विभागवार लक्ष्यों, जनसहभागिता और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर मिश्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 55 लाख 37 हजार 972 पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें 5 जून को 8 लाख 8 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि 12 जुलाई को 47 लाख 23 हजार 800 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानते हुए इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की मजबूत आधारशिला बन सकें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समय से गड्ढों की तैयारी, पौधों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान की प्रत्येक गतिविधि की नियमित निगरानी करते हुए इसे उत्सव के रूप में आयोजित करने पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण से जुड़ सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















