रायबरेली में शिक्षकों को मिली कैशलेस इलाज की सौगात, 1.79 लाख विद्यार्थियों के खातों में भेजी गई डीबीटी राशि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से किया शुभारंभ, जनपद में 16,365 शिक्षक-कर्मचारी होंगे लाभान्वित

रायबरेली में शिक्षकों को मिली कैशलेस इलाज की सौगात, 1.79 लाख विद्यार्थियों के खातों में भेजी गई डीबीटी राशि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से किया शुभारंभ, जनपद में 16,365 शिक्षक-कर्मचारी होंगे लाभान्वित

रायबरेली। प्रदेश सरकार की शिक्षा एवं शिक्षक कल्याण संबंधी महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से किया। इसके अंतर्गत मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की डीबीटी, तथा शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू का शुभारंभ किया गया। रायबरेली में इसका जिला स्तरीय कार्यक्रम गोपाल सरस्वती इंटर कॉलेज, रतापुर में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी एवं जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा।

मुख्य अतिथि मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और छात्र-हितैषी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार प्रदान करेगी। साथ ही डीबीटी व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्ता लगातार बेहतर हुई है और सरकार शिक्षा के साथ-साथ शिक्षकों के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए भी ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 26 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षक परिवारों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए, जबकि चार शिक्षकों को एसबीआई की पासबुक प्रदान की गई। साथ ही प्राथमिक विद्यालय कोडरजहानपुर के नवप्रवेशी बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें देकर स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया गया।

जिला बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार जनपद में 16,365 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया, कस्तूरबा विद्यालय स्टाफ एवं विशेष शिक्षक मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित होंगे। वहीं 1,79,111 विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में 1200 रुपये प्रति छात्र की दर से डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी गई है।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Previous articleसीएम योगी की तीन बड़ी सौगातें: शिक्षकों को कैशलेस इलाज, बच्चों के खातों में भेजी गई 1200 रुपये की डीबीटी बस्ती में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, उत्कृष्ट शिक्षक व छात्र हुए सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here