12 जुलाई को बस्ती में 44 लाख पौधरोपण का महाअभियान
“पौधा लगाना नहीं, उसे जीवित रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी” : डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना
गड्ढे की खुदाई से लेकर जियो-टैगिंग तक होगी निगरानी, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
बस्ती। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद बस्ती में 12 जुलाई 2026 को 44 लाख पौधों के वृहद वृक्षारोपण महाअभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप तैयारियां समय से पूरी करने और पौधों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल संख्या बढ़ाने का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “पौधा लगाने से अधिक महत्वपूर्ण उसे जीवित रखना है।” इसलिए प्रत्येक विभाग अपने हिस्से के पौधों की देखभाल और संरक्षण की पूरी जिम्मेदारी तय करे।
डीएम ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर समय से गड्ढों की खुदाई पूरी कर ली जाए। पौधों की गुणवत्ता, उनकी प्रजातियों का चयन तथा स्थानीय जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप रोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और रखरखाव की कार्ययोजना पहले से तैयार रहे, ताकि रोपण के बाद पौधे सूखने न पाएं।
उन्होंने सभी विभागों को प्रत्येक पौधे के लिए ट्री गार्ड लगाने के निर्देश दिए, जिससे पशुओं एवं अन्य कारणों से पौधों को नुकसान न पहुंचे। साथ ही अभियान में लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाएगी, ताकि उसकी लोकेशन, निगरानी और देखभाल की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के प्रत्येक चरण—गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, रोपण, सिंचाई, ट्री गार्ड और जियो-टैगिंग—की नियमित समीक्षा की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विभागवार लक्ष्य, पौधों की उपलब्धता और रोपण स्थलों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी विभागों ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीएफओ डॉ. शिरीन, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक आनंद कुमार गुप्ता, विभिन्न उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, मनरेगा, कृषि, नगर निकाय तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















